गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब आखिरकार अगले हफ्ते शुरू होने वाला है. इस एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी है कि उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री Narendra Modi को न्योता पहले से जा चुका है. एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली-NCR के लोगों को एक और बड़ा हवाई अड्डा मिल जाएगा जिससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी.
इस एयरपोर्ट को चरणों में बनाया जा रहा है. पहले चरण में एक रनवे और एक बड़ा टर्मिनल तैयार किया गया है, जहां से उड़ानें शुरू होंगी. शुरुआत में यहां से हर दिन करीब 150 फ्लाइट उड़ान भर सकती हैं. पहले घरेलू उड़ानें शुरू होने की संभावना है और बाद में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की जाएंगी. पहले चरण में एयरपोर्ट करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को सालाना संभालने की क्षमता रखेगा.
देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स
जेवर एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में माना जा रहा है. आने वाले समय में इसे और बड़ा किया जाएगा और यहां कई रनवे बनाए जाएंगे. पूरी तरह विकसित होने के बाद यह एयरपोर्ट करोड़ों यात्रियों को संभाल सकेगा.
विशेषज्ञों का कहना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इलाके में विकास तेज होगा. नए उद्योग लगेंगे, रोजगार के मौके बढ़ेंगे और पर्यटन को भी फायदा मिलेगा. इससे पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
इस एयरपोर्ट में 5 रनवे होंगे, 10 हजार से ज्यादा एकड़ में होगा फैला
पूरा प्रोजेक्ट तैयार होने पर जेवर एयरपोर्ट पर 5 रनवे होंगे और यह करीब 11,750 एकड़ में फैला होगा. इस एयरपोर्ट की अंतिम यात्री क्षमता 30 करोड़ सालाना तक पहुंचेगी जो इसे दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों की कतार में खड़ा कर सकती है. यह दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में उभरेगा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के लिए नया विकल्प देगा. लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, व्यापार और उद्योग को रफ्तार मिलेगी, बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके बनेंगे और उत्तर प्रदेश की पहचान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट मैप पर और मजबूत होगी.
यह भी पढ़ें: हरियाणा: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर विनेश फोगाट बोलीं, ‘कुछ अपने भी जयचंद…’


