संबित पात्रा ने 20 फरवरी 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जो यूथ कांग्रेस के नेता हैं और कांग्रेस के बड़े पदों पर कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं.
भारत की छवि खराब कर रही कांग्रेस: संबित
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘आज जब मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आया तो मन में बहुत गुस्सा था, लेकिन मैंने खुद को बड़ी मुश्किल से संभाला. ये आक्रोश सिर्फ बीजेपी प्रवक्ता में नहीं, बल्कि पूरे भारत की GenZ में है. ये बीजेपी बनाम कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि भारत बनाम उन ताकतों के खिलाफ है जो भारत की छवि को खराब करना चाहती हैं.’
संबित पात्रा ने दावा किया कि ये चारों लोग समिट में रजिस्ट्रेशन कराकर बारकोड लेकर अंदर घुसे. उसके बाद उन्होंने अपने कपड़े उतार दिए और प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरी प्लानिंग राहुल गांधी और सोनिया गांधी की मौजूदगी में राहुल गांधी के आवास पर बनी थी.
संबित पात्रा ने कांग्रेस को कहा शर्टलेस
संबित पात्रा ने कहा, ‘राहुल गांधी देश के सबसे बड़े गद्दार, रंग में भंग डालने वाले व्यक्ति हैं. ऑपरेशन सिंदूर हो या एयर स्ट्राइक सब पर सवाल उठाते हैं. कांग्रेस के लिए मेरे पास तीन शब्द हैं टॉप लेस, ब्रेनलेस और शेमलेस. ये बीजेपी की समिट या कार्यकारिणी नहीं है. ये भारत की AI समिट है. मैं सभी GenZ से कहूंगा कि मोबाइल पर नेहरू और एडमिना को सर्च करके देखिए वो भारत को सांपों का देश बता रहे थे और हंस रहे थे. जो नेहरू ने किया वही आज राहुल गांधी कर रहे हैं.’
इंडिया समिट में प्रदर्शन का मामला क्या है?
यह बयान उस घटना के बाद आया है, जब आज भारत मंडपम में चल रहे इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कुछ सदस्यों ने शर्टलेस प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ नारे लगाए. पुलिस ने कम से कम 4 से 10 लोगों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.
इस समिट में PM मोदी, गूगल और OpenAI जैसे बड़े नाम शामिल हैं और ये भारत को ग्लोबल साउथ में AI लीडर के रूप में पेश करने का मंच है. लेकिन इस घटना से राजनीतिक विवाद बढ़ गया है. यूथ कांग्रेस की ओर से अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है कि प्लानिंग राहुल गांधी के घर पर हुई. संभित पात्रा ने इसे देश की इमेज खराब करने की साजिश बताया और कहा कि GenZ इसे बर्दाश्त नहीं करेगा.


