दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर राजनीति गरमाई हुई है. बीजेपी ने इस प्रदर्शन को देश के खिलाफ बताया, जिस पर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि इस प्रोटेस्ट से देश शर्मसार नहीं हुआ, बल्कि बीजेपी शर्मसार हुई है. एबीपी न्यूज से खास बातचीत में उदय भानु ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं और उनके कार्यकर्ताओं ने आज भारतीय जनता पार्टी को एक्सपोज किया है.
किसानों के लिए किया प्रोटेस्ट: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि अभी जो यूएस के साथ ट्रेड डील हुई है उससे किसानों को मारने की कोशिश हुई है. एआई समिट पर विदेश से आए डेलीगेशन के सामने प्रोटेस्ट पर कहा पूरी दुनिया जानती है भारत एक डेमोक्रेटिक देश है. हमारे कार्यकर्ताओ ने अपने लिए प्रोटेस्ट नहीं किया, बल्कि किसानों के लिए किया. हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं.’
उदय भानु चिब ने कहा कि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था. उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोजगार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता.
एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया.
युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे. वे सफेद टी-शर्ट पहने और पकड़े हुए थे, जिन पर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं. उस टी-शर्ट पर इंडिया यूएस ट्रेड डील, एपस्टीन फाइल्स और पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड जैसे नारे लिखे थे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी. उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई.


