West Bengal News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से जुड़ी एक राजनीतिक और कानूनी घटना सामने आई है. भरतपुर के विधायक हुमायूं कबीर की पत्नी को पुलिस ने थाने में पेश होने के लिए तलब किया है. जानकारी के मुताबिक उनकी पत्नी मीरा सुल्ताना को मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर थाने में बुधवार दोपहर 12 बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
बताया जा रहा है कि मीरा सुल्ताना पर जल भूमि को भरकर उस पर मकान बनाने का आरोप लगा है. इस मामले में पहले भूमि एवं भूमि सुधार विभाग ने नोटिस भेजा था, लेकिन उस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अब पुलिस ने उन्हें समन भेजा है.
जल भूमि भरकर घर बनाने का आरोप
सूत्रों के अनुसार मीरा सुल्ताना को पहले भी भूमि विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया था. आरोप है कि उन्होंने जल भूमि को भरकर वहां निर्माण कार्य कराया. विभाग ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन तय समय में कोई जवाब नहीं मिलने के बाद मामला आगे बढ़ाया गया.
इसके बाद भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें थाने में पेश होने का निर्देश दिया है. हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मीरा सुल्ताना तय समय पर थाने में हाजिर होंगी या नहीं.
पहले भी परिवार पर हुई है कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब विधायक के परिवार का नाम किसी मामले में सामने आया हो. इससे पहले भी उनके परिवार के कई सदस्यों को पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया है. हाल ही में हुमायूं कबीर के दामाद को भी एक मादक पदार्थ मामले में पुलिस ने बुलाया था.
बताया जाता है कि 8 फरवरी को दर्ज एक मामले में उन्हें 28 फरवरी को को सुबह 11 बजे लालगोला थाने में पेश होने के लिए कहा गया था. इस मामले में पुलिस पहले ही विधायक की बेटी और दामाद से जुड़ी कई संपत्तियों को जब्त कर चुकी है.
विधायक हुमायूं कबीर का राजनीतिक आरोप
इस पूरे मामले को लेकर विधायक हुमायूं कबीर ने राजनीतिक आरोप भी लगाए हैं. उनका दावा है कि उनके दामाद को लालगोला से चुनाव लड़ाने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से प्रस्ताव दिया गया था.
उन्होंने यह भी कहा कि एक तरफ उनके परिवार की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और दूसरी तरफ उनके दामाद को उम्मीदवार बनाने की बात की जा रही है. विधायक का आरोप है कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है.


