West Bengal News: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के आड़ंगघाटा इलाके में वसूली न देने पर एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने उस पर लगातार वसूली देने का दबाव बनाया. महिला अकेली रहती है और पिछले कुछ समय से आरोपी उससे पैसों की मांग कर रहे थे.
पीड़िता के मुताबिक, 20 फरवरी को जब उसने वसूली देने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और छेड़छाड़ भी की. महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों से बचाया. इसके बाद घायल अवस्था में महिला को तुरंत राणाघाट उप-मंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
आरोपी लगातार पीड़िता को धमकी दे रहे
घटना के बाद पीड़िता ने धानतला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उसे धमकी दे रहे हैं, जिससे वह भय के माहौल में जीने को मजबूर है.
आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. तृणमूल कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि पार्टी इस तरह की किसी भी आपराधिक गतिविधि का समर्थन नहीं करती. पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि अगर आरोपी पार्टी से जुड़े पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, बीजेपी ने इस मामले को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं और चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन करेगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


