उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है. लगातार दिन में तेज धूप निकलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली है, हालांकि सुबह और शाम के समय अब भी हल्की ठंड महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ज्यादातर मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम फिर बिगड़ सकता है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में 10-11 फरवरी को बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है.
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी है. कोहरे की वजह से रेल, सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है. लोगों को सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 10 फरवरी को आसमान में हल्के बादल रहेंगे और रात में घना कोहरा छा सकता है. अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना है. 11 और 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्की धुंध बनी रह सकती है.
उत्तर प्रदेश और बिहार
उत्तर प्रदेश में दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कम हो गया है. पूर्वी यूपी में 10 फरवरी तक सुबह और रात में घना कोहरा रह सकता है. बिहार में भी ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है. आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं.
पहाड़ी राज्यों का हाल
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 9 से 11 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बर्फ गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. यहां तापमान शून्य के आसपास या उससे नीचे बना रह सकता है. कुल मिलाकर, मैदानी इलाकों में मौसम राहत भरा रहेगा, जबकि पहाड़ों में ठंड और बर्फबारी परेशानी बढ़ा सकती है.


