उत्तर भारत में जारी ठंड के बीच वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर से एक्टिव हो गया है, जिसका असर राजधानी दिल्ली से लेकर पहाड़ी राज्यों में साफ दिखेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज (1 फरवरी) से कई राज्यों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आज बड़ा बदलाव महसूस किया जाएगा. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचेगा, जिससे ठंडी हवाएं चलेंगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है. IMD के मुताबिक आज दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ने की उम्मीद है.
राजस्थान में ओले गिरने की संभावना
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है. आज राजधानी जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं.
यूपी में फिर बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. IMD ने ताजा अनुमान जारी करते हुए बताया है कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गिरने के साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है. पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड समेत कई इलाकों में झोंकेदार हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है.
आज कहां-कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के बड़े हिस्से में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. इन जिलों में मुख्य रूप से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर शामिल हैं. इसके अलावा अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी के आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज कड़ाके की ठंड यानी कोल्ड डे की स्थिति रहने वाली है. महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे तराई वाले इलाकों में सर्दी का असर तेज रहेगा और दिन के तापमान में भारी गिरावट देखी जा सकती है.
बिहार में कोहरा
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर सीमित है, लेकिन ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह और रात के समय राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा. इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है.
ये भी पढ़ें
इनकम टैक्स से सोना-चांदी तक… निर्मला सीतारमण बजट में इन चीजों को लेकर कर सकती हैं बड़े ऐलान


