उत्तर भारत में अब गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 3 राज्यों में बारिश के साथ तेज हवा मुसीबत बढ़ाने वाली है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में गुरुवार (26 फरवरी) को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
कहां-कहां होगी बारिश?
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार 24 घंटे बाद उत्तर भारत के 3 राज्यों और दक्षिण के 2 राज्यों में बारिश मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं. जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है उनमें जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, तेलंगाना और कर्नाटक शामिल हैं. 26 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 26-27 फरवरी को जम्मू-कश्मीर 27-28 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश की संभावना है.
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. सुबह के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जिससे प्रदूषण से राहत मिलेगी और एक्यूआई में भी कमी आएगी. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
यूपी में बढ़ा पारा
उत्तर प्रदेश में अभी से गर्मी तेवर दिखाने लगी है. तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को अभी से तपिश का अहसास कराना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी में और इजाफा होगा. उन्होंने बताया कि ला नीना के कमजोर पड़ने के चलते फरवरी में गर्मी देखने को मिल रही है, जिसका पूर्वानुमान पहले ही किया गया था. फिलहाल दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा. अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहने की संभावना है. प्रदेश में बुधवार को 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ हमीरपुर सबसे गर्म रहा. वाराणसी और बांदा में 31.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में भी आज मौसम साफ रहेगा. बारिश की किसी तरह की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जमुई, जहानाबाद में गर्मी रौद्र रूप दिखाएगी. पटना में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
ये भी पढ़ें
ओडिशा में 7 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, फर्जी खातों के जरिए हुआ बड़ा लेनदेन


