तेलंगाना के जोगुलांबा गदवाल जिले के मल्दकल मंडल के मल्लेमदोद्दी गांव में एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. पति-पत्नी के बीच बार-बार होने वाले झगड़ों ने आखिरकार तीन बच्चों को अनाथ कर दिया. चार दिन पहले हुई इस घटना में पत्नी ने सोते हुए पति पर उबलता हुआ तेल डाल दिया, जिसके बाद पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया. भयानक तकलीफ और मौत से जूझते हुए आखिरकार सोमवार (15 सितंबर, 2025) की शाम पति ने दम तोड़ दिया.
मल्लेमदोद्दी गांव में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना में पत्नी पद्मा ने अपने पति वेंकटेश पर उबलता तेल डालकर उसे मौत के मुंह में पहुंचा दिया. जानकारी के अनुसार, वेंकटेश और पद्मा की शादी आठ साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं. शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. इस महीने की पिछले हफ्ते गुरुवार (11 सितंबर, 2025) को सुबह करीब 5 बजे, जब वेंकटेश सो रहा था, तब पद्मा ने उस पर उबलता तेल डाल दिया. गंभीर रूप से घायल वेंकटेश को आसपास के लोगों ने तुरंत गदवाल क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया. स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे कर्नूल अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के दौरान सोमवार (15 सितंबर) की शाम वेंकटेश की मृत्यु हो गई.
पुलिस ने आरोपी पत्नी को रिमांड में भेजा
घटना के दिन 11 सितंबर को पुलिस ने पद्मा को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के बाद उसे रिमांड पर भेज दिया गया. सर्कल इंस्पेक्टर (सीआई) टंगुटूरु श्रीनिवासुलु ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. हालांकि, यह घटना गांव में चर्चा का विषय बन गई है. बार-बार होने वाले घरेलू विवादों ने न केवल एक परिवार को तोड़ दिया, बल्कि तीन बच्चों का भविष्य भी अनिश्चित कर दिया. स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


