तमिलनाडु में इस साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, जिसे लेकर राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है. राज्य में डीएमके और कांग्रेस नए सिरे से गठबंधन की कोशिश में जुट गई है. तमिलनाडु में इस बार डीएमके के लिए चुनाव आसान नहीं माना जा रहा है कि क्योंकि एक्टर विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) और बीजेपी भी अभी से तैयारियों में जुट गई है.
डीएमके ने कांग्रेस को दिया 32 सीट का ऑफर
कांग्रेस नेता के बयान से ऐसा लगता है कि पार्टी तमिलनाडु में अगर गठबंधन करती है तो ज्यादा से ज्यादा सीट चाहेगी. कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि पार्टी न केवल गठबंधन की सीटें चाहती है, बल्कि जीतने पर सरकार में हिस्सेदारी भी चाहती है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने गठबंधन के लिए 40 सीटों का लक्ष्य रखा है. हालांकि डीएमके 32 सीटें देने को तैयार बताई जा रही है. बाद में कांग्रेस ने अपनी मांग बदलकर 38 सीटें कर दी.
टीवीके के गठबंधन के लिए राहुल गांधी के मना रही पार्टी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु कांग्रेस नेतृत्व भी राहुल गांधी को विजय की टीवीके पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है. टीवीके के साथ गठबंधन की पहल के बाद मणिकम टैगोर का बयान सामने आया है, जिसके बाद तमिलनाडु में नए राजनीतिक समीकरण को लेकर अटकलें तेज होने लगी.
‘राहुल गांधी और विजय अच्छे दोस्त’
टीवीके के प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने कहा कि उनके नेता विजय और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अच्छे दोस्त हैं. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना बहुत अधिक है. हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि तमिलनाडु कांग्रेस नेतृत्व के भीतर के आंतरिक मामले इतने है कि बातचीत में देरी हो सकती है. TVK नेता निर्मल कुमार ने कहा कि गठबंधन को लेकर कोई भी फैसला पार्टी प्रमुख विजय से बातचीत के बाद ही लिए जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘हमारे नेता परामर्श करेंगे और फिर गठबंधन से संबंधित कोई घोषणा करेंगे. चुनाव में अभी करीब दो महीने बाकी हैं.’


