प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (11 दिसंबर, 2025) को अपने आवास पर एनडीए के सांसदों के लिए डिनर की मेजबानी की. सांसद अलग-अलग ग्रुप्स में बसों में सवार होकर 7 LKM पहुंचे. यह डिनर हाल ही में बिहार चुनावों में एनडीए की शानदार जीत के बाद दिया गया है, जिसमें गठबंधन ने 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 202 सीटें हासिल की हैं. पीएम मोदी ने सोमवार (8 दिसंबर) को बिहार के एनडीए नेताओं को जनता के कल्याण के लिए और अधिक जोश के साथ काम करने को कहा था. एनडीए सांसदों के डिनर का मेन्यू भी सामने आया है.
मेन्यू के मुताबिक, डिनर में हर राज्य से कोई न कोई व्यंजन रखा गया है. कश्मीर का कहवा, बंगाल का रसगुल्ला, पंजाब की मिस्सी रोटी डिनर में शामिल है. इसके अलावा अदरक के साथ संतरे का रस और अनार का रस, सब्ज बादाम शोरब (बादाम और मौसमी सब्जियों का मसालेदार शोरबा), काकुम मटर अखरोट की शम्मी (काकुम, हरी मटर और अखरोट की तवे पर सिकी हुई टिक्की), कोथिम्बिर वड़ी (हल्की तली हुई ताजा धनिया पत्ती और बेसन की वड़ी), गोंगुरा पनी (सोरेल के पत्तों के साथ तीखा और मसालेदार पनीर), खुबानी मलाई कोफ्ता (मलाईदार काजू करी में खुबानी से भरी कोफ्ता), गाजर मेथी मटर (मेथी के पत्तों के साथ पकी गाजर और मटर) डिनर में शामिल थी.
नारियल के दूध की खीर मेन्यू में शामिल
इसके अलावा भिंडी सांभरिया (तिल, मूंगफली और गुड़ की भरवा भिंडी), पालकुरा पप्पू (पालक के साथ आंध्र शैली की तड़के वाली दाल), काले मोती चिलगोजा पुलाव (काले चिने और चिलगोजा युक्त बासमती चावल), विविध भारतीय रोटियां (सादी रोटी, मिस्सी रोटी, नान, तवा और लच्छा पराठा), बेक्ड पिस्ता लेंग्चा (छेना और खोया से बनी पिस्ता भरी मिठाई) अडा प्रधमन (चावल के आटे से बनी अडा, गुड़ और नारियल के दूध की खीर) और ताजे कटे हुए फल भी डिनर में शामिल थे.
कैसा था सिटिंग अरेंजमेंट?
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए सांसदों के डिनर के दौरान सभी टेबल पर गए. उन्होंने सभी सांसदों का हाल-चाल जाना और उन्हें आग्रह सहित भोजन करवाया. डिनर में सिटिंग अरेंजमेंट कुछ इस तरह रखा गया था कि एक टेबल पर 6 लोग बैठे हुए थे, जिनमें से 5 सांसद और एक मंत्री शामिल थे. एक-एक टेबल पर अलग राज्यों के सांसदों को बैठाया गया था, जिससे सांसदों का एक-दूसरे के साथ परिचय हो. एक-दूसरे के साथ बातचीत करके एक दूसरे के बारे में ज्यादा जान सकें.
Was a delight to have hosted NDA MPs for dinner at 7, Lok Kalyan Marg this evening. The NDA family represents a shared commitment to good governance, national development and regional aspirations. Together, we will continue working to strengthen our nation’s development journey…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 11, 2025
पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों को डिनर कराने के बाद X पर पोस्ट कर लिखा, ‘आज शाम लोक कल्याण मार्ग स्थित 7 नंबर होटल में एनडीए सांसदों को रात्रिभोज पर आमंत्रित करना अत्यंत सुखद अनुभव रहा. एनडीए परिवार सुशासन, राष्ट्रीय विकास और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है. हम सब मिलकर आने वाले वर्षों में अपने राष्ट्र के विकास पथ को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे.’


