पश्चिम बंगाल में चुनावी तारीखों का ऐलान होने से पहले ही सियासी दलों ने जनता को साधने की तैयारियां शुरू कर दी हैं. शनिवार (14 मार्च) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से हुंकार भरी. विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला. पीएम ने साफ संदेश दिया कि बंगाल की जनता अब ‘TMC सरकार के ‘अत्याचारों’ को और सहन नहीं करेगी.
‘बंगाल में रोटी, बेटी और माटी पर खतरा’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘TMC मां, माटी, मानुष के नारे के साथ सत्ता में आई थी, आज वही मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहा है. घुसपैठियों के चलते आज बंगाल की रोटी, बेटी, माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, बंगाल की माटी पर घुसपैठियों का कब्जा दिलवाया जा रहा है, इसका नतीजा सबके सामने है.
‘बंगाल की बदली डेमोग्राफी’
पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते दशकों में बंगाल के ज्यादातर इलाकों में डेमोग्राफी बदल गई है, बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है. तुष्टीकरण का खुला खेल चल रहा है, जब शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता देने की बात होती है तो पूरी TMC उसका विरोध करती है. वे हिंदुओं को अपना वोटबैंक नहीं समझते इसलिए ये लोग SIR का भी विरोध करते हैं, जिससे घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हट न जाएं.’
‘अपराधी जेल में होंगे, ये मोदी की गारंटी है’
प्रधानमंत्री ने लॉ एंड ऑर्डर को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने संदेशखाली की घटना और आरजी कर अस्पताल की दरिंदगी का जिक्र करते हुए कहा कि टीएमसी हमेशा अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती है. उन्होंने वादा किया, ‘भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी, जो कानून तोड़ेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा. चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा और अपराधियों को जेल भेजा जाएगा, यह मोदी की गारंटी है.’
‘बंगाल के मन में क्या है, यह जनसैलाब बता रहा है’
रैली की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने भीड़ में एक बच्ची को हाथ में चित्र लिए देखा और सुरक्षाकर्मियों को उसे कलेक्ट करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा, ‘बंगाल के मन में क्या है, यह देखना हो तो इस जनसैलाब को देख लीजिए. अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी क्रांति की यह धरती अब TMC के कुशासन को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है, बदलाव अब दीवारों पर लिख चुका है और लोगों के दिलों में छप चुका है.’
यह भी पढ़ें – ‘भाजपा के इशारे पर न करें राजनीति’, राष्ट्रपति मुर्मू की नाराजगी पर बोलीं ममता बनर्जी, कहा- साल में एक बार आएंगी तो…


