14 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि मोइनाबाद स्थित रोहित रेड्डी के फार्महाउस में कुछ लोग शराब और नशीले पदार्थों के साथ पार्टी कर रहे हैं. इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए तेलंगाना पुलिस की एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (EAGLE) टीम ने मोइनाबाद पुलिस के साथ मिलकर रेड की और फार्महाउस पर धावा बोला.
ACP चेवेल्ला डिविजन से सर्च ऑथराइजेशन लेकर पुलिस टीम रात 9:05 बजे फार्महाउस पहुंची. जैसे ही अधिकारियों ने अंदर दाखिल होने की कोशिश की, परिसर के भीतर से पुलिस की दिशा में गोली चलाई गई. जांच में .32 बोर रिवॉल्वर और खाली कारतूस बरामद हुए. पूछताछ में यह हथियार थामे शख्स की पहचान दिल्ली के व्यवसायी नमित शर्मा के रूप में हुई, जबकि एक अन्य आरोपी सिल्वेरी शरत कुमार के पास खाली कारतूस मिले. फोरेंसिक जांच के लिए गनशॉट रेज़िड्यू (GSR) के नमूने भी लिए गए.
रेड्डी समेत 5 लोग पॉजिटिव
मौके पर मौजूद सभी 11 लोगों का यूरिन ड्रग टेस्ट किया गया, जिनमें से रोहित रेड्डी समेत 5 लोग पॉजिटिव पाए गए. बाद में ब्लड टेस्ट में TDP सांसद पुट्टा महेश कुमार भी पॉजिटिव निकले. कुल छह लोग रोहित रेड्डी, उनके भाई रितेश रेड्डी, नमित शर्मा, वकील कौशिक रावि, व्यवसायी तिरुवीदुला अर्जुन रेड्डी और MP पुट्टा महेश ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव रहे. फार्महाउस से कोकेन, बीयर, व्हिस्की, वोडका सहित विदेशी शराब की भारी मात्रा बरामद की गई.
14 दिन की न्यायिक हिरासत
रोहित रेड्डी, उनके भाई रितेश रेड्डी और दिल्ली के व्यवसायी नमित शर्मा को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया. उप्परपल्ली कोर्ट ने तीनों की जमानत अर्जियां खारिज करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने बताया कि तीनों को चंचलगुड़ा जेल स्थानांतरित किया जाएगा. MP पुट्टा महेश और सात अन्य आरोपियों को नोटिस देकर बेल पर रिहा कर दिया गया.
इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 8(C), 22(A), 27 और 29, शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-B)(a) और 30, तेलंगाना एक्साइज एक्ट की धारा 34(a) तथा BNS की धारा 109 और 131 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह वही फार्महाउस है, जो 2022 में BRS विधायकों की हाई-प्रोफाइल पोचिंग विवाद में भी सुर्खियों में आया था.
इस घटना ने राजनीतिक तूफान भी खड़ा कर दिया है. तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ने BRS वर्किंग प्रेसिडेंट के.टी. रामाराव को ड्रग टेस्ट देने की खुली चुनौती दे डाली. KTR ने जवाब में कहा कि वे टेस्ट के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने अपना नाम विवाद में घसीटने पर आपत्ति जताई. मामले की जांच जारी है और पुलिस ड्रग सप्लाई चेन का पर्दाफाश करने में जुटी है.
ये भी पढ़ें


