अमेरिका और इजरायल के हमले के जवाब में ईरान लगातार खाड़ी देशों को निशाना बना रहा है. इस बीच ओमान के एक इंडस्ट्रियल एरिया में हुए ड्रोन अटैक में दो भारतीय नागरिक की मौत हो गई. विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (खाड़ी देश) असीम महाजन ने बताया कि मस्कट के सोहार शहर में ड्रोन हमला हुआ, जिसमें 11 लोग घायल हुए हैं. इन 11 लोगों में से 10 भारतीय है.
ओमान में दो भारतीय की मौत
असीम महाजन ने बताया, ‘घायल लोगों में से पांच को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है तो वहीं अन्य का इलाज जारी है. किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं. हम संबंधित कंपनी और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं.’ ओमान न्यूज एजेंसी (ओएनए) ने एक सुरक्षा सूत्र के हवाले से बताया कि सोहार में दो ड्रोन अटैक हुए, जिसमें एक ड्रोन अल अव्ही इंडस्ट्रियल क्षेत्र में जा गिरा, जिस वजह से दो प्रवासी कमर्चारी की मौत हो गई.
इराक के बसरा में हुए हमले को लेकर सरकार का बयान
28 फरवरी को ईरान-अमेरिका संघर्ष शुरू होने के बाद से, व्यापारिक जहाजों और टैंकरों पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए हैं और एक अन्य लापता बताया जा रहा है. अब तक जमीन पर किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. असीम महाजन ने ये भी बताया कि बुधवार को इराक के बसरा के पास हमला किए गए अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर सेफसी विष्णु के 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित रूप से बसरा शहर के एक होटल में ले जाया गया है.
तेल टैंकर सेफसी विष्णु पर हुए हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई. महाजन ने बताया कि उनके शव को वापस देश लाने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा, मृतक भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को लाने और बचाए गए 15 नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं. हमारा मिशन दल बसरा में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.’
ये भी पढ़ें: CBI ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल को किया तलब, RHFL के खिलाफ 228 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में बड़ा एक्शन


