तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के शहरी इलाकों में भीषण आगजनी की घटना ने प्रशासन को हैरानी में डाल दिया है. नामपल्ली स्थित फर्नीचर गोदाम में आग की घटना के बाद अब सिकंदराबाद से आगजनी की घटना सामने आई है. यहां रविवार को एक प्राइवेट कोचिंग के गर्ल्स हॉस्टल में आग लगने से हड़कंप मच गया. आग बिल्डिंग की पांचवी मंजिला पर लगी थी. आग के धुएं की वजह से 20 छात्राओं घुटन के चलते अस्पताल में एडमिट कराया गया है. उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. सभी का पास की जीडीमेटला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
आग के चलते इलाके में धुआं ही धुआं हो गया
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर तुरंत दमकल विभाग की टीम पहुंच गई थी. आग पर काबू पा लिया गया है. स्थानीय लोगों की मानें तो आग इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया. यहां फंसी छात्राओं को खिड़की और सीढ़ी के रास्ते बाहर निकाला गया. डॉक्टर्स का कहना है कि सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं. उनका इलाज किया जा रहा है.
घटना की वजह पुष्टी अधिकारियों की तरफ से नहीं की गई है
शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. हालांकि अभी किसी भी तरह की संभावना की पुष्टी नहीं की गई है. जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वहां नाइन एजुकेशन कोचिंग और गर्ल्स होस्टल संचालित किए जाते हैं. यहां बड़ी संख्या में छात्राएं रहती हैं. इस घटना ने शहरी इलाकों में स्थित बहुमंजिला इमारतों और छात्रावासों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, स्थानीय प्रशासन ने मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया है.
इससे पहले हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना ने पांच लोगों की जान ले ली थी. इनके शव भी सुबह रविवार को बरामद किए गए हैं. घटना शनिवार को फर्नीचर गोदाम में आग लगने की वजह से हुई थी.


