बीते कुछ समय में सोने और चांदी की कीमतों में छप्पर फाड़ उछाल देखने को मिला है. आखिर गोल्ड-सिल्वर के प्राइस में बढ़ोतरी के पीछे कारण क्या है, इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, सरकार की ओर से सोने और चांदी के दामों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और स्थिति चिंताजनक नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू बाजार में सोने की बढ़ती मांग सीजनल मालूम होती है.
क्या बोलीं निर्मला सीतारमण?
केंद्रीय वित्त मंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, ‘भारत दूसरे देशों से सोना खरीदता है, हम आयात पर निर्भर देश हैं. मार्केट में आने वाला लगभग सभी सोना आयात किया जाता है, हमने जरूरी कदम उठाए हैं लेकिन वह डिमांड को पूरा करने के लिए काफी नहीं हैं.’ आगे कहा, भारत में गोल्ड को लोग पसंदीदा निवेश मानते हैं. घरेलू बाजार में सोने के बढ़ती मांग भी सीजनल प्रतीत होती है.
वित्त मंत्री ने बताया क्यों बढ़ रहीं कीमतें
केंद्रीय वित्त मंत्री ने बताया, ‘हमारी इस पर नजर है. अभी स्थिति चिंताजनक नहीं है. इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भी सोने और चांदी की स्थिति पर नजर रख रहा है. आगे कहा, आज के दौर में ज्यादातर देश, खास तौर से सेंट्रल बैंक सोने और चांदी की खरीद कर रहे हैं. सेंट्रल बैंकों की खरीद के चलते भी सोने और चांदी की इंटरनेशनल कीमतें तेजी से बढ़ रही है.’
23 मार्च को सोने-चांदी के दाम में तेजी
सोमवार (23 फरवरी) को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. एमसीएक्स पर सोना 1.67 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,59,493 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है जबकि चांदी 5.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,65,653 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहा है. गुड रिटर्न्स वेबसाइट के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 1,61,350 है. वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 25000 रुपये महंगी होकर 3 लाख पर पहुंच चुकी है.


