गोवा में स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग लगने की घटना मामले में क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा की अग्रिम जमानत याचिका पर दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गुरुवार (11 दिसंबर, 2025) को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है. कोर्ट आज शाम 5:30 बजे अपनी फैसला सुनाएगा. वहीं, कोर्ट ने मामले में नाइट क्लब के आरोपी सह-मालिक अजय गुप्ता को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
सुनवाई के दौरान लूथरा ब्रदर्स के हवाले से उनके वकील तनवीर मीर ने कहा कि गोवा के सबसे बड़े अधिकारी ने बयान दिया है कि इन लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए. पूरी सरकारी मशीनरी बदले की भावना से काम कर रही है. क्या इस मामले में बिना कानूनी प्रक्रिया के मेरी प्रॉपर्टीज को बुलडोज कर देंगे, उन्हें सील कर देंगे? मुझे अपनी जान का खतरा है, मुझे डराया जा रहा है.
जांच में क्लब के सभी लाइसेंस सौरभ के नाम पर: मुखर्जी
वहीं, गोवा पुलिस के वकील अभिनव मुखर्जी ने सुनवाई के दौरान कहा कि आरोपी भाइयों ने कहा कि मुझे ऑपरेशंस के बारे में ज्यादा नहीं पता और मैं काम की वजह से यात्रा कर रहा था और यह यात्रा घटना होने से पहले की है, लेकिन गोवा पुलिस ने कोर्ट को लाइसेंस एग्रीमेंट दिखाते हुए बताया कि इनके पास इसे चलाने का लाइसेंस नहीं है.
गोवा पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तरफ से कहा गया है कि मेरा बिजनेस से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन FSSAI लाइसेंस के लिए सौरभ लूथरा ने अप्लाई किया था. पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड लाइसेंस के लिए भी सौरभ लूथरा ने अप्लाई किया था. GST लाइसेंस में पार्टनर्स की डिटेल्स में फिर से गौरव लूथरा, सौरभ लूथरा और अजय गुप्ता के नाम हैं. पंचायत लाइसेंस पहले ही एक्सपायर हो चुका है, उसे रिन्यू नहीं किया गया है.
जांच से बचने के लिए थाईलैंड फरार हुए आरोपी: मुखर्जी
गोवा पुलिस के वकील ने कहा कि आरोपियों ने आग लगने की घटना के तुरंत बाद फ्लाइट बुक की. रात 1:15 बजे फ्लाइट बुक की गई और यह कदम जांच से बचने के लिए किया गया. थाईलैंड में उनका कोई बिजनेस का मसला नहीं था. जब पुलिस घर गई, तो मां और पत्नी ने कहा कि हमें नहीं पता कि वह कहां हैं. इनके बर्ताव से साबित हुआ कि वे जांच और गिरफ्तारी से बचना चाहते थे और उसके बाद NBW जारी किए गए. एक लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया. 9 दिसंबर को एक ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था.
गोवा पुलिस के वकील ने कोर्ट को फ्लाइट की डिटेल्स दिखाते हुए कहा कि लोग मर रहे थे, प्रॉपर्टी जल रही है और ये लोग फरार हो गए. थाईलैड की फ्लाइट रविवार (7 दिसंबर, 2025) को सुबह 5 बजे टेक ऑफ हुई. जब पता चला तो पुलिस घर पहुंच गई, लेकिन इनकी मां और पत्नी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वे कहां हैं, लेकिन जब उनके नंबर पूछे गए तो बताया गया कि उनके पास नंबर नहीं हैं.
आरोपियों ने कोर्ट और अधिकारियों को किया गुमराह: गोवा पुलिस
गोवा पुलिस का कहना है कि लूथरा भाइयों ने मासूमों को जाल में फंसाया है. जांच से पता चलता है कि क्लब मे आने-जाने का सिर्फ एक ही संकरा रास्ता था और उन्होंने ही वहां फायर शो आयोजित किया था.
गोवा पुलिस का कहना है कि मेडिकल आधार पर जो बातें कही जा रही हैं, वे झूठी हैं. पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनो फरार हुए हैं. इसलिए कोर्ट को ऐसे लोगों की मदद नहीं करनी चाहिए, जिन्होंने कोर्ट के सामने झूठी कसम खाई है. उन्होंने जानबूझकर कोर्ट और अधिकारियों को गुमराह किया है.
यह भी पढ़ेंः गोवा क्लब अग्निकांड की सर्वाइवर ने कहा- ‘मैंने अपने परिवार को खो दिया’, क्लब में नहीं थे सुरक्षा के इंतजाम


