भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) आज शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है, जिसमें पश्चिम बंगाल (West Bengal Assembly Election 2026), असम (Assam Assembly Election 2026), तमिलनाडु (Tamil Nadu Assembly Election 2026), केरल (Kerala Assembly Election 2026) और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों का पूरा शेड्यूल (Assembly Election 2026 Full Schedule) घोषित होने वाला है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहेंगे. वह चुनाव की तारीखें, चरण, नामांकन, मतदान और गिनती की डेट्स के साथ आदर्श चुनाव आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू होने की जानकारी देंगे.
मई-जून तक सभी 5 चुनावी राज्यों में कार्यकाल होगा खत्म
यह ऐलान ऐसे समय में हो रहा है जब इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल मई-जून 2026 में खत्म हो रहा है. 7 मई को पश्चिम बंगाल की विधानसभा, 10 मई 2026 को तमिलनाडु, 20 मई को असम, 23 मई को केरल और 15 जून 2026 को पुडुचेरी की खत्म हो रही है. चुनाव आयोग ने पिछले हफ्तों में सभी जगहों का दौरा पूरा किया था. फरवरी में असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी, 6-7 मार्च को केरल और 9-10 मार्च को पश्चिम बंगाल में तैयारियों का जायजा लिया गया. इन दौरों में राजनीतिक दलों, पुलिस और प्रशासन से मीटिंग हुई और हिंसा रोकने, मतदाता सूची सुधारने, EVM-VVPAT जांच और CAPF तैनाती पर फोकस रहा.
दूसरे-तीसरे हफ्ते से शुरू होंगे विधानसभा चुनाव 2026: रिपोर्ट्स
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के खिलाफ अपील की आखिरी तारीख आज 15 मार्च है, जिसके बाद शेड्यूल ऐलान का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, चुनाव अप्रैल के दूसरे या तीसरे हफ्ते से शुरू हो सकते हैं और नतीजे मई की शुरुआत में आ सकते हैं. पिछले चुनावों की तुलना में इस बार चरणों की संख्या कम रखने की संभावना है. 2021 में पश्चिम बंगाल में 8 चरण थे, असम में 3 और तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी में एक-एक चरण. अब पश्चिम बंगाल और असम में मल्टी-फेज (कई चरण) होंगे, जबकि बाकी में सिंगल फेज की उम्मीद है.
पांचों राज्यों में सत्ता परिवर्तन की संभावना
ये चुनाव राजनीतिक रूप से बहुत अहम हैं. पश्चिम बंगाल में TMC बनाम बीजेपी का मुकाबला, तमिलनाडु में DMK बनाम ADIMK, केरल में LDF बनाम UDF, असम में बीजेपी बनाम कांग्रेस-गठबंधन और पुडुचेरी में भी सत्ता परिवर्तन की संभावना है. चुनाव आयोग ने बार-बार कहा है कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और हिंसा-मुक्त चुनाव करवाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.


