केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजित पवार के निधन पर दु:ख जताते हुए X पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा, ‘आज एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत दुखी है.’
अजित पवार ने महाराष्ट्र के लिए खुद को समर्पित किया
अमित शाह ने कहा, ‘अजित पवार ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस तरह महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे. उनका निधन NDA परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है.’
अमित शाह ने आगे कहा, ‘मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. शोक की इस घड़ी में पूरा NDA शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दें.’
आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजीत पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।
अजीत पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया…
— Amit Shah (@AmitShah) January 28, 2026
विमान दुर्घटना की जांच के आदेश जारी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने साथी उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि जिस विमान दुर्घटना में उनकी जान गई, उसकी जांच की जाएगी.
प्लेन क्रैश में सभी 5 लोगों का निधन
28 जनवरी 2026 की सुबह, अजित पवार बारामती जा रहे थे. उनका चार्टर्ड विमान (Learjet 45) पुणे जिले के बारामती इलाके में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में कुल 5 लोग सवार थे, जिसमें अजित पवार समेत दो स्टाफ मेंबर, दो पायलट और एक क्रू मेंबर शामिल है. दुर्घटना में प्लेन रनवे से उतर गया और आग लग गई. इस हादसे में सभी 5 लोगों की मौत हो गई.
अजित पवार मौजूदा सरकार में वित्त और योजना मंत्री भी थे. अगले महीने 23 फरवरी को मुंबई में राज्य विधानमंडल का बजट सत्र शुरू होने पर 2026-27 का बजट पेश करने वाले थे.


