देश के ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है. उत्तर-पूर्वी भारत के हिस्सों में आने वाले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज (7 जनवरी) पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में शीतलहर की संभावना है.
राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में लोगों को कोहरे से तो राहत मिली है, लेकिन ठंड और गलन बरकरार है. मंगलवार को दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडक कम नहीं हुई. दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिन दिल्ली में कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 15 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है.
यूपी में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में जबरदस्त ठंड पड़ रही है. पश्चिम विक्षोभ के चलते पछुआ हवाओं ने राज्य में पारा गिराया है. कई जिलों में तापमान 2.6 डिग्री तक पहुंच गया है. मंगलवार सुबह कानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच सहित कुल 40 जिलों में घना कोहरा छाया रहा. आज बुधवार को भी भारी कोहरे का अलर्ट है. कई जगहों पर कोहरे की वजह से विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की चेतावनी है. कुछ जगहों पर विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक भी रह सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की रफ्तार 10-15 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे ठंड और भी ज्यादा महसूस होगी.
बिहार में कोल्ड डे के आसार
बिहार के कई जिलों में कड़ाके की ठंड है. मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी तक पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया जैसे जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है. बिहार में अभी ठंड से कोई राहत मिलती नहीं नजर आ रही है.
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है. केदारनाथ समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल रही है. मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है. अगले कुछ दिन पहाड़ों में पाले और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें
यूक्रेन युद्ध की शुरुआत से अब तक भारत ने रूस से कितना कच्चा तेल खरीदा? रिपोर्ट में हुआ खुलासा



‘ये बलूचिस्तान के लोग हैं’, सऊदी अरब में सलमान खान के एक बयान से पाकिस्तान आगबबूला