देशभर में इस वक्त ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है. सोमवार की रात यूपी, बिहार से लेकर असम तक कोहरे की चादर बिछ गई है. इसका सबसे ज्यादा प्रभाव हवाई यात्रा पर पड़ा है. इंडिगो और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस कंपनियों ने ट्रेवल एडवाइजरी जारी कर दी है. एयरलाइंस ने कहा कि खराब मौसम और कोहरे की वजह से उड़ानों के संचालन में बाधा हुई.
एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सोमवार (29 दिसंबर, 22025) को पोस्ट करते हुए कहा, ‘दिल्ली, अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, दरभंगा, पटना, गुवाहाटी और बागडोगरा सहित कई शहरों में संभावित खराब मौसम के कारण सभी प्रस्थान और आगमन और उनसे जुड़ी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं.’ एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करते रहें.
इंडिगो एयरलाइन ने जारी की एडवायजरी
इस बीच, इस महीने की शुरुआत में हुई बड़े पैमाने पर उड़ान रद्द होने की स्थिति से जूझ रही इंडिगो एयरलाइन ने भी सोमवार (29 दिसंबर, 2025) को एक टैवल एडवाइजरी जारी की. एयरलाइन ने कहा कि देर रात में कोहरा बनने की संभावना है, जो अगले दिन सुबह तक बना रह सकता है, जिससे कई हवाई अड्डों पर दृश्यता कम हो जाएगी.’
इंडिगो ने कहा, ‘पूर्वानुमान को देखते हुए उड़ान संचालन पर कुछ असर पड़ सकता है और परिस्थितियों के मुताबिक संचालन में बदलाव के कारण कुछ देरी हो सकती है. हम सतर्क बने हुए हैं और मौसम पर लगातार नजर रखे हुए हैं, ताकि आपकी यात्रा जितनी हो सके सुचारू रूप से हो सके.’
एयरलाइन ने यह भी कहा कि कम दृश्यता के कारण तड़के सुबह सड़कों पर ट्रैफिक भी प्रभावित हो सकता है. इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
नए अपडेट्स के लिए फ्लाइट्स के स्टेटस चेक करते रहें- इंडिगो
इंडिगो ने कुछ घंटे पहले किए एक पोस्ट में कहा था कि देहरादून के आसपास शाम का कोहरा फिर से छाने लगा है, जिसके कारण उड़ानों की गति धीमी हो रही है. एयरलाइन ने कहा, ‘हमारी टीमें एयरपोर्ट पर यात्रियों की सहायता कर रही हैं और स्थिति अनुकूल होते ही उड़ान को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहीं हैं. कृपया नए अपडेट्स अपनी फ्लाइट्स की स्टेटस की जांच करते रहें.’
यह भी पढ़ेंः इंडिगो एयरलाइंस ने पायलटों को दी खुशखबरी! भत्तों में की बढ़ोतरी, जानें कब से लागू होंगे नए नियम?


