लाल किला ब्लास्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (नंबर DL10CK0458) को लेकर अलर्ट जारी किया है. पुलिस को शक है कि यह कार धमाके में शामिल संदिग्धों से जुड़ी हो सकती है. इस कार की तलाश में दिल्ली पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग इलाकों में जुटी हैं.
कार दो लोगों के नाम पर रजिस्टर्ड
जांच में सामने आया है कि यह कार फोर्ड इंडिया में पहले मालिक पंकज गुप्ता के नाम से रजिस्टर्ड थी, जबकि वर्तमान में यह उमर के नाम पर दर्ज है. कार की आखिरी सर्विस 2024 में श्रीनगर में हुई थी, जिससे पुलिस को यह शक है कि गाड़ी को कश्मीर से दिल्ली तक किसी नेटवर्क के जरिए लाया गया होगा.
i20 के साथ दिखी थी संदिग्ध इकोस्पोर्ट
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि धमाके के दिन संदिग्धों के साथ एक i20 कार के अलावा यह लाल इकोस्पोर्ट भी मौजूद थी. इस जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी थानों, पुलिस पोस्टों और बॉर्डर चेकिंग प्वाइंट्स पर इस वाहन की तलाश के आदेश दिए हैं.
पड़ोसी राज्यों को भी भेजा गया अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी अलर्ट जारी किया है ताकि अगर यह कार दिल्ली से बाहर निकल चुकी हो तो उसे रोका जा सके. सभी टीमों को गाड़ी के नंबर DL10CK0458, मॉडल फोर्ड इकोस्पोर्ट (लाल रंग) और उमर के नाम की जानकारी भेज दी गई है.
जांच एजेंसियां सक्रिय
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंकज गुप्ता से यह कार उमर तक कैसे पहुंची, और क्या बीच में किसी अन्य शख्स या चैनल ने इस गाड़ी का इस्तेमाल किया था. लाल किला ब्लास्ट से जुड़े जैश मॉड्यूल की जांच कर रही एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दोनों इस सुराग को बेहद अहम मान रही हैं.
दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए शक्तिशाली धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


