बॉलीवुड के टाइगर सलमान खान सऊदी अरब के एक फिल्म समारोह में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने अरब जगत में भारतीय फिल्मों के प्रचार-प्रसार के साथ इन देशों के योगदान के बारे में बात की. सलमान खान ने इसी कार्यक्रम में बलूचिस्तान को लेकर ऐसी बात कही कि अब बलूचिस्तान के लोग सलमान खान की तारीफ कर रहे हैं.
सऊदी में जॉय फोरम 2025 के मंच से बोलते हुए सलमान खान का एक क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. उन्होंने कहा, ‘ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है.’ इस बयान में उन्होंने बलूचिस्तान का नाम पाकिस्तान से अलग लिया.
बलूच नेता मीर यार ने दी प्रतिक्रिया
सलमान खान की इस टिप्पणी से जहां एक तरफ पाकिस्तान के लोग गुस्सा हैं, वहीं दूसरी ओर बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता सलमान से खुश हैं और उनको शुक्रिया कह रहे हैं. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि एक्टर सलमान खान ने पाकिस्तान से अलग बलूचिस्तान का नाम जानबूझकर लिया या ऐसे ही बोल दिया.
सलमान खान की इस टिप्पणी को लेकर बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग आजाद देश बनाने की मांग करने वाले बलूच नेता मीर यार बलूच ने कहा, ‘सऊदी अरब में भारतीय फिल्म जगत के दिग्गज सलमान खान का बलूचिस्तान का उल्लेख 6 करोड़ बलूच नागरिकों के लिए खुशी लेकर आया है.’
बलूचिस्तान को मिली अलग पहचान
दि प्रिंट को दिए बयान में बलूच नेता मीर यार ने कहा, ‘बलूचिस्तान का जिक्र पहले भी भारतीय फिल्मों में हुआ है, लेकिन यह पल अलग है. यह किसी फिल्म में नहीं, बल्कि सऊदी अरब की धरती पर कहा गया है. सलमान खान ने बलूच और भारतीय लोगों के बीच बढ़ते बंधन की पुष्टि की. यह एक तरह से हमें पहचान देना जैसा है.’
मीर यार ने आगे कहा, ‘उन्होंने वह किया है, जिसमें कई बड़े देश भी हिचकते हैं. हमारा मानना है कि सांस्कृतिक मान्यता के ऐसे संकेत सौम्य कूटनीति के शक्तिशाली साधन हैं, जो दिलों को जोड़ते हैं. यह दुनिया को बलूचिस्तान को अलग राष्ट्र के रूप में पहचानने के लिए प्रेरित करता है.’
ये भी पढ़ें:- नीदरलैंड में मंकीपॉक्स का नया वेरिएंट आया सामने, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- ‘WHO नजर रख रहा’


