असम पुलिस ने गायक जुबिन गर्ग की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट शनिवार (4 अक्टूबर, 2025) को उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग को सौंप दी. असम के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी. सिंगापुर में किए गए गायक के पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट गुरुवार (2 अक्टूबर, 2025) को गरिमा को उपलब्ध करा दी गई थी.
सीआईडी के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘एसआईटी की एक अधिकारी गरिमा को (दूसरी पोस्टमार्टम) रिपोर्ट सौंपने के लिए गुवाहाटी के काहिलीपाड़ा इलाके में जुबिन के घर गईं.’ सीआईडी का नौ सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) सिंगापुर में हुई जुबिन की मौत के मामले की जांच कर रहा है. असम सरकार ने मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का भी गठन किया है.
CID की अधिकारी ने जुबिन की पत्नी को सौंपी रिपोर्ट
एसआईटी में शामिल सीआईडी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोरमी दास ने गरिमा को उनके आवास पर जाकर जुबिन की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी. दास ने जुबिन के आवास के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘मैंने गरिमा और पाल्मे के बयान दर्ज कर लिए हैं.’ पाल्मे बोरठाकुर जुबिन की छोटी बहन हैं.
सिंगापुर में हुई थी मौत, हत्या के आरोप में कई गिरफ्तार
जुबिन की सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी. वह श्यामकानु महंत और उनकी कंपनी की ओर से आयोजित चौथे पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर गए थे. महोत्सव के आयोजक महंत, जुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और बैंड के दो सदस्यों-शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृतप्रभा महं को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है. अदालत ने इन सभी को 14 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है.
अंतिम संस्कार से कुछ घंटे पहले हुआ था जुबिन का दूसरा पोस्टमार्टम
जुबिन का दूसरा पोस्टमार्टम 23 सितंबर को उनके अंतिम संस्कार से कुछ घंटे पहले गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में किया गया था. जीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद विसरा का नमूना विस्तृत जांच के लिए दिल्ली स्थित केंद्रीय फोरेंसिक प्रयोगशाला (CFL) भेजा गया था.
गरिमा तय करेंगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगी या नहीं- हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार (3 अक्टूबर, 2025) को कहा था कि राज्य सरकार ने सिंगापुर में किए गए पहले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट गुरुवार (2 अक्टूबर) को गरिमा को सौंप दी. सरमा ने कहा था, ‘यह गरिमा तय करेंगी कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगी या नहीं.’
यह भी पढे़ंः ‘अगर हथियारों के बल पर शांति भंग की तो…’, जगदलपुर में अमित शाह की नक्सलियों को दो टूक


