भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार (01 अक्टूबर, 2025) को शिमला में अपने एक सम्बोधन में कहा कि पूरे भारत में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मां दुर्गा के अधिष्ठान और दशहरा का पावन पर्व मनाया जा रहा है. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से 22 सितंबर यानि नवरात्र के पहले दिन से देश भर में GST बचत उत्सव भी मनाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि आम लोगों की दैनिक जरूरत के अधिकतर सामानों पर GST या तो जीरो कर दिया गया है या काफी कम कर दिया गया है, इससे आम लोगों को काफी राहत मिली है. एक ओर देशभर में GST के बचत उत्सव की धूम है तो दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर टैक्स का बोझ और बढ़ा रही है.
कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि हिमाचल प्रदेश बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ की प्राकृतिक आपदा से हुए भारी नुकसान से उभरने की कोशिश कर रहा है. आदरणीय पीएम मोदी जी की प्रेरणा से हिमाचल प्रदेश में घरों के निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर के पुनर्निर्माण की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीमेंट पर GST में छूट दी गई, जिससे सीमेंट प्रति बोरी पर 30 रुपए तक का दाम कम हो गए था.’
उन्होंने कहा, ‘पहले सीमेंट पर 28% GST लगता था, जो अब घटकर 18% हो गया है. हालांकि इसका लाभ हिमाचल प्रदेश की जनता नहीं ले पाई, क्योंकि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सीमेंट का दाम कम करने के बजाय बढ़ा दिया है. ये फैसला जनता के हक में नहीं है. जिसका लाभ जनता को मिलना चाहिए था, उसे लूटने में हिमाचल सरकार उसी दिन से लग गई है, जिस दिन से GST पर छूट दी गई थी.’
तिजोरी भरने में लगी कांग्रेस सरकार
नड्डा ने कहा, ‘एंटी डंपिंग ड्यूटी के नाम पर सीमेंट की 50 किलो की बोरी पर हिमाचल सरकार अब 16 रुपए तक का टैक्स वसूल कर रही है. जब हिमाचल प्रदेश आपदा और आर्थिक तंगी से गुजर रहा है, तब आम लोगों को राहत देने के बजाय कांग्रेस सरकार अपनी तिजोरी भरने में लगी है, जो अनैतिक और असंवेदनशील है.’
उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्य की बात यह है कि हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमेंट जब पड़ोसी राज्यों में बिकता है तो सस्ता मिलता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में महंगी दरों में बेचा जा रहा है. कांग्रेस की वर्तमान सरकार इतनी असंवेदनशील है कि सीमेंट के साथ-साथ उसने पानी के बिल पर भी टैक्स बढ़ा दिया है.’
जनता पर कांग्रेस डाल रही टैक्स का बोझ
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘स्टाम ड्यूटी शुल्क पर भी टैक्स बढ़ा दिया गया है. ग्रामीण जलापूर्ति पर भी 100 रुपए का एक शुल्क लगा दिया है. साथ ही बिजली के बिल में भी भारी बढ़ोतरी कर दी है. पीएम मोदी जी हिमाचल प्रदेश की जनता को राहत देना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार उन पर टैक्स का और शुल्क का बोझ डालकर उन्हें बदहाल बनाने में लगी हुई है.’
उन्होंने कहा, ‘यह हिमाचल के प्रति कांग्रेस सरकार के अमानवीय चेहरे को उजागर करता है. इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है. सुक्खू की सरकार ने झूठी गारंटियों के नाम पर हिमाचल प्रदेश के आर्थिक स्थिति को बदहाल करके रख दिया है. इस जन विरोधी सरकार को जनता समय आने पर सबक सिखाएगी.’
ये भी पढ़ें:- Vijay rally stampede: ‘अगले 15 दिनों के सभी प्रोग्राम कैंसिल’, करूर भगदड़ के बाद एक्टर विजय की पार्टी का ऐलान


