DS NEWS | The News Times India | Breaking News
करूर भगदड़ः ‘टीवीके चीफ विजय ने जानबूझकर की देरी, नियमों को किया अनदेखा’, FIR में लगे आरोप
India

करूर भगदड़ः ‘टीवीके चीफ विजय ने जानबूझकर की देरी, नियमों को किया अनदेखा’, FIR में लगे आरोप

Advertisements



तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष और अभिनेता से नेता बने विजय शनिवार (27 सितंबर, 2025) को जानबूझकर करूर जिले के वेलुसामीपुरम में अपनी रैली में देर से पहुंचे, जिससे भीड़ अधिक हो गई और लोगों में बेचैनी पैदा हो गई. इस कारण करूर में भगदड़ की घटना हुई. घटना को लेकर दर्ज की गई प्राथमिकी में घटना के लिए यही कारण दर्ज किया गया है. भगदड़ में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए.

प्राथमिकी में टीवीके प्रमुख विजय का नाम नहीं है, लेकिन पार्टी के तीन पदाधिकारियों मथियालगन (करूर जिला सचिव), बुस्सी एन आनंद (राज्य महासचिव) और सीटीआर निर्मल कुमार (राज्य संयुक्त सचिव) का नाम इसमें शामिल है. इसमें कहा गया कि विजय ने वेलुसामीपुरम पहुंचने से पहले बिना अनुमति के रोड शो किया और वहां भीड़ के बीच उनका वाहन रुका.

घटना के लेकर पुलिस ने क्या कहा?

प्राथमिकी में यह भी कहा गया कि टीवीके के पदाधिकारियों ने अपने कार्यकर्ताओं को सही से नहीं संभाला या भीड़भाड़ के खिलाफ पुलिस की चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया. पुलिस ने प्राथमिकी में कहा, ‘कार्यकता टिन की चादरों और पेड़ों की शाखाओं के ऊपर बैठे थे, जिससे वे नीचे खड़े लोगों पर गिर पड़े. इसके परिणामस्वरूप कई लोगों का दम घुट गया.’

अस्पताल में घायल 60 वर्षीय महिला की मौत के साथ भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर सोमवार (29 सितंबर, 2025) को 41 हो गई. प्राथमिकी के अनुसार, शाम लगभग 4.45 बजे, टीवीके प्रमुख विजय जिले की सीमा से लगे वेलायुथमपलायम और थविट्टुपलायम होते हुए करूर जिले में दाखिल हुए. इसमें कहा गया, ‘विजय ने कई जगहों पर बिना अनुमति के रोड शो करके जानबूझकर देरी की.’

प्राथमिकी में कहा गया कि शर्तों का उल्लंघन करते हुए, कई जगहों पर स्वागत समारोह आयोजित किए गए, जिससे और देरी हुई. भगदड़ से पहले की घटनाओं का विवरण देते हुए, प्राथमिकी में कहा गया है कि शाम सात बजे तक विजय वेलुसामीपुरम जंक्शन पहुंच गए. इसमें कहा गया है, ‘विजय का प्रचार वाहन पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच रुक गया और जानबूझकर कुछ समय के लिए देरी की गई. उस स्थान पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भारी भीड़ थी.’

पुलिस ने टीवीके कार्यकर्ताओं को खतरे को लेकर किया था आगाह

प्राथमिकी दर्ज करने वाले पुलिस निरीक्षक जी. मथियालगन ने कहा कि उन्होंने और पुलिस उपाधीक्षक ने टीवीके पदाधिकारियों मथियालगन, आनंद और निर्मल कुमार को अत्यधिक भीड़भाड़ के गंभीर खतरे के बारे में आगाह किया.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों पार्टी पदाधिकारियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 125 (दूसरों के जीवन को खतरे में डालना) और 223 (आदेश की अवज्ञा) के साथ-साथ तमिलनाडु सार्वजनिक संपत्ति (क्षति और हानि निवारण) अधिनियम, 1992 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

प्राथमिकी में कहा गया, ‘पार्टी के पदाधिकारियों को बेकाबू भीड़ और असामान्य हालात पैदा होने के बारे में चेताया गया था, जिससे दम घुटने, गंभीर चोट लगने और मौत होने की आशंका थी. भीड़ बढ़ते जाने से सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी इसे संभाल नहीं पाए.’

चेतावनी पर नहीं दिया ध्यान, असामान्य गतिविधियों में रहे लिप्त- पुलिस

प्राथमिकी में कहा गया है कि टीवीके पदाधिकारियों ने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया और असामान्य गतिविधियों में लिप्त रहे. पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को दुकानों और पेड़ों की शाखाओं के सामने टिन की चादरों पर बैठने से भी नहीं रोका.’ प्राथमिकी में कहा गया है कि आयोजकों ने भारी भीड़ दिखाकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए विजय के आगमन में जानबूझकर चार घंटे की देरी की. इतनी देरी के कारण, वहां घंटों इंतजार कर रहे हजारों लोग गर्मी और प्यास के कारण बेहाल हो गए. पुलिस ने यह भी बताया कि वहां कोई चिकित्सा सुविधा भी नहीं थी.

पुलिस के कहने पर विजय घायलों से मिलने नहीं गए अस्पताल- टीवीके

वहीं, टीवीके के एक सूत्र ने बताया कि पुलिस ने संवेदनशील कानून व्यवस्था की स्थिति के कारण विजय से कहा कि वह भगदड़ के पीड़ितों से मिलने सरकारी अस्पताल न जाएं. टीवीके के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘शुरू में उन्होंने घायलों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने की योजना बनाई थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि उनकी उपस्थिति से भीड़ और बढ़ सकती है.’

यह भी पढ़ेंः करूर भगदड़ मामले में पहली गिरफ्तारी, टीवीके के इस नेता के खिलाफ पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन



Source link

Related posts

जिस BJP कार्यकर्ता ने राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर HC में दायर की थी याचिका, उसे ED ने किया

DS NEWS

चक्रवात मोंथा का प्रभाव पहुंचा तेलंगाना! भारी बारिश के बीच 6 जिलों में स्कूल बंद, रेड अलर्ट

DS NEWS

एक मिनट में 700 राउंड फायरिंग, 800 मीटर रेंज… इंडियन आर्मी को मिलेंगी 6 लाख AK-203; जानें कित

DS NEWS

Leave a Comment

DS NEWS
The News Times India

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More

Privacy & Cookies Policy