देश में 15 सितंबर 2025 के मौसम का असर अलग-अलग दिखाई देगा. महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में भारी बारिश परेशान करेगी, जबकि यूपी और हिमाचल के लोगों को राहत मिलेगी. उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में बारिश से सतर्क रहने की जरूरत है. मानसून की वापसी का समय नजदीक है, लेकिन फिलहाल बारिश कई जगहों पर परेशानी खड़ी कर सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में 15 सितंबर को बादल छाए रह सकते हैं. दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि अन्य इलाकों में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है. उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
उत्तर प्रदेश में राहत
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है. यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है. नदियों का जलस्तर भी धीरे-धीरे घट रहा है, जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत मिल रही है.
बिहार में भारी बारिश का पूर्वानुमान
बिहार के कई जिलों में 15 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है. सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, अररिया, किशनगंज और सुपौल में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. लगातार बारिश से जलजमाव और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है.
झारखंड में मूसलाधार बारिश
झारखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है. गिरिडीह, बोकारो, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में 15 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, चमोली और पिथौड़ागढ़ में भूस्खलन और रास्ते बाधित होने का खतरा है. प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. हिमाचल प्रदेश में 15 सितंबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है.
राजस्थान में मानसून की वापसी की तैयारी
राजस्थान में 15 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, मौसम विभाग ने बताया कि 17 सितंबर से मानसून की वापसी की परिस्थितियां बन सकती हैं. इसके बाद यहां बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं.
मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश
मध्य प्रदेश के देवास, होशंगाबाद, खंडवा, खरगोन, धार, सीहोर और बुरहानपुर जिलों में आज मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी है.
पूर्वोत्तर भारत में बारिश और बिजली का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, 15 और 16 सितंबर को, साथ ही 18 से 20 सितंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में जलजमाव और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा.
दक्षिण भारत का मौसम
दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाओं का असर दिखेगा. तमिलनाडु में 16 से 19 सितंबर तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
केरल और कर्नाटक में भी हल्की बारिश
तमिलनाडु के अलावा केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है. हालांकि यहां भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
ये भी पढें: ‘देश की विदेश नीति को अपने ऊपर लागू नहीं कर सकते’, भारत-पाक मैच पर बोले मौलाना साजिद रशीदी


