समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन अपने व्यवहार को लेकर अकसर चर्चाओं में बनी रहती हैं. वहीं, मंगलवार (12 अगस्त, 2025) को सोशल मीडिया पर जया बच्चन का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सेल्फी लेने आए शख्स को धक्का देती हुईं नजर आ रही हैं.
वीडियो में जया बच्चन कहती हैं, ‘क्या कर रहे हैं आप. वाट इज दिस?’ जया बच्चन के ये शब्द सुनकर शख्स डर गया और उनसे दूर हो गया, लेकिन राज्यसभा सांसद जया बच्चन उसे गुस्से में काफी देर तक घूरती रहीं.
दरअसल, सोमवार (11 अगस्त, 2025) को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के कार्यालय प्रदर्शन करते हुए पहुंचे थे. इस दौरान कांस्टीट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों के नेताओं का जमावड़ा लगा, जिसमें राज्यसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन भी शामिल थीं. तभी एक शख्स कांस्टीट्यूशन क्लब के बिल्डिंग के एंट्री गेट के पास जया बच्चन के साथ सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़ा. शख्स जया बच्चन के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में उनके बेहद करीब पहुंच गया. इतने में शख्स को अपने बेहद करीब देखकर जया बच्चन का पारा चढ़ गया और उन्होंने सेल्फी ले रहे उस शख्स को जोर का धक्का दे दिया.
#WATCH | Delhi: Samajwadi Party MP Jaya Bachchan scolded a man and pushed him away, while he was trying to take a selfie with her. pic.twitter.com/UxIxwrXSM0
— ANI (@ANI) August 12, 2025
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जया बच्चन का वीडियो
नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में घटी इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया. इंटरनेट यूजर्स जया बच्चन के इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं और इस पर कमेंट भी कर रहे हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर काफी लोग जया बच्चन की प्रतिक्रिया को सही ठहरा रहे हैं. तो कई लोगों ने कहा कि जया बच्चन तो हमेशा गुस्से में ही रहती हैं. उनकी ये वीडियो देखकर कोई हैरानी नहीं हुई. जबकि एक युवक ने लिखा कि जया बच्चन कभी मेरी सबसे पसंदीदा अभिनेत्री हुआ करतीं थीं, लेकिन अब उनका व्यवहार देखकर हैरानी होती है.
यह भी पढ़ेंः जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ लोकसभा में आया महाभियोग प्रस्ताव, स्पीकर ओम बिरला ने किया स्वीकार, तीन सदस्यीय कमेटी गठित


