बंगाल में चुनावी ऐलान की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा सियासी दांव चला है. उन्होंने ठीक चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के पहले बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने राज्य में पुरोहितों और मुअज्जिनों को दिया जाने वाले मासिक मानदेय को बढ़ाने का ऐलान किया है.
यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही: ममता बनर्जी
सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस फैसले के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पुरोहितों और मुअज्जिनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में ₹500 की वृद्धि की गई है. इनकी सेवा ही हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखती है. इस संशोधन के साथ, अब उन्हें प्रति माह ₹2,000 मिलेंगे.
इसके अलावा उन्होंने बताया कि पुरोहितों और मुअज्जिनों की तरफ से विधिवत जमा किए गए सभी नए आवेदनों को भी राज्य सरकार की तरफ से मंजूरी दी गई है.
ऐसे वातावरण को पोषित करने पर गर्व है: ममता बनर्जी
उन्होंने कहा कि हमें ऐसे वातावरण को पोषित करने पर गर्व है, जहां हर समुदाय और हर परंपरा को महत्व दिया जाता है और उसे मजबूत बनाया जाता है. हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को वह पहचान और सहयोग मिले जिसके वे हकदार हैं.
चुनाव आयोग करेगा शाम 4 से 5 के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस
दरअसल, भारतीय चुनाव आयोग रविवार को शाम 4 से 5 बजे के बीच चुनावी कार्यक्रम की घोषणा करेगा. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस विज्ञान भवन में होनी है. इसी के साथ पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तय कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी. जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां की आबादी देश की आबादी का लगभग पांचवां हिस्सा हैं. यानी करीब 20 करोड़ लोग इन जगहों पर रहते हैं. इनकी कुल संख्या 17 से 18% है.


